शुक्रवार, 16 नवंबर 2012

इसी लिए पीएम ने बीजेपी को डिनर पर बुलाया है.


इसी लिए पीएम ने बीजेपी को डिनर पर बुलाया है..
नई दिल्ली। एफडीआई पर आम सहमति बनाने के लिए शनिवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने डिनर डिप्लोमेसी का सहारा लिया है। अब उन्होंने विपक्षी पार्टी भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को रात्रिभोज पर बुलाया है। इससे पूर्व शुक्रवार को प्रधानमंत्री ने संप्रग नेताओं को डिनर पर आमंत्रित किया था। इस डिनर पॉलिटिक्स पर संप्रग के दूसरे घटक दलों को एफडीआई पर राजी करने की कोशिश की गई। माना जा रहा है कि इस दौरान संप्रग के घटक दल द्रमुक ने सरकार को खुदरा क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के मुद्दे पर संसद में बिना मतदान चर्चा कराने पर जोर दिया है।
उम्मीद यह भी जताई जा रही है कि सरकार भाजपा के सामने नियम 193 के तहत संसद में एफडीआई के मुद्दे पर चर्चा कराने की पेशकश करेगी, जिसमें मतदान नहीं होता है। वहीं शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने 21 नवंबर को सर्वदलीय बैठक बुलाई है, जिसमें उन मुद्दों पर चर्चा की जाएगी जो इस बार संसद सत्र के दौरान सुनाई देंगे।
इस डिनर डिप्लॉमेसी से पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कई मुद्दों पर सपा नेता मुलायम सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से भी चर्चा की। वहीं प्रधानमंत्री शुक्रवार को हुए इस डिनर से पहले सपा नेता समेत बसपा सुप्रीमो मायावती को भी डिनर पर बुला चुके हैं। गौरतलब है कि पिछला संसद सत्र विपक्ष के शोर शराबे में धुल गया था। शुक्रवार को रात्रिभोज में संप्रग अध्यक्ष सोनिया गाधी, रक्षा मंत्री ए के एंटनी, वित्त मंत्री पी चिदंबरम, गृह मंत्री सुशील कुमार शिदे, द्रमुक के टी आर बालू, नेशनल कांफ्रेंस के फारूक अब्दुल्ला, राकापा के प्रफुल्ल पटेल, रालोद के अजीत सिंह, इंडिशन नेशनल मुस्लिम लीग के ई अहमद मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं: