करीना को 140 लाख और तीजनबाई को 60 हजार
रायपुर. 14 दिसंबर 2012
छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना पर आयोजित राज्योत्सव में केवल एक गाने पर ठुमका लगाने वाली करीना कपूर को 1 करोड़ 40 लाख और पंडवानी गायिका पद्मश्री तीजन बाई को केवल 60 हजार रुपये दिये जाने को लेकर स्थानीय कलाकारों में गहरा रोश है. नवंबर के पहले सप्ताह में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में स्थानीय कलाकारों को इतना कम मानदेय और बाहरी कलाकारों पर करोड़ो खर्च किये जाने का यह मामला विधानसभा में सामने आया.
छत्तीसगढ़ विधानसभा में कांग्रेस के विधायक मोहम्मद अकबर के एक सवाल के जवाब में संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने जानकारी दी कि राज्योत्सव में सांस्कृतिक आयोजनों में कुल 7 करोड़ 14 लाख 30 हजार 300 खर्च हुए. स्थानीय लोककलाकारों पद्मश्री तीजन बाई को 60 हजार, ऋतु वर्मा को 30 हजार, प्रभंजय चतुर्वेदी को 30 हजार, पद्मश्री पूनाराम निषाद को 45 हजार, टी उन्नीकृष्णन को 50 हजार की रकम दी गई, वहीं बॉलीवुड कलाकारों पर जम कर खर्च किया गया.
करीना कपूर को जहां 1 करोड़ 40 लाख रुपये दिये गये, वहीं सोनू निगम को 36.50 लाख, सुनिधि चौहान को 32 लाख, हिमेश रेशमिया को 24 लाख, दिया मिर्जा को 25 लाख, विशाल शेखर को 18 लाख 70,000, जेबा-आरिफ को 18 लाख, सुदेश भोसले को 11 लाख 75,000, आयुष्मान को 15 लाख, पंकज उधास को 9 लाख औप राजू निगम, एहसान कुरैशी, उमेश दहिया व एंकर पर 9 लाख रुपये खर्च किये गये.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें