पूर्व CBI चीफ ने माना, नेताओं के खिलाफ जांच में दबाव
- ibnkhabar.com
Posted on Dec 14, 2012 at 02:56pm IST | Updated Dec 14, 2012 at 11:26pm IST
नई दिल्ली। राजनीतिक फायदे के लिए सीबीआई के गलत इस्तेमाल का आरोप अक्सर राजनीतिक दल लगाते रहते हैं। लेकिन इस बार खुद पूर्व सीबीआई निदेशक यू एस मिश्रा ने माना है कि मायावती के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले की जांच के दौरान उनपर दबाव था।
एक समाचार चैनल से बातचीत में मिश्रा ने कहा कि राजनेताओं से जुड़ी जांच के मामले में सीबीआई पर दबाव होता है। ये सच है और मैं इसे छिपाऊंगा नहीं कि जब हम बड़े राजनेताओं के खिलाफ जांच करते हैं, तो मामले को लटकाए रखने या उसे किसी खास तरीके से पेश करने के लिए प्रभावित करने की कोशिश होती है।
यू एस मिश्रा साल 2003 से 2005 तक सीबीआई के डायरेक्टर थे। इस दौरान उन्होंने वाजपेयी और मनमोहन दोनों सरकारों के साथ काम किया। इससे पहले मायावती ने राज्यसभा में एफडीआई के मुद्दे पर चर्चा के दौरान दावा किया था कि बीजेपी सरकार ने उन्हें सीबीआई की मदद से फंसाया।
मिश्रा के इस खुलासे पर सपा नेता नरेश अग्रवाल ने कहा कि लोग जब तक पदों पर रहते हैं तब चुप रहते हैं, जब रिटायर होते हैं तो बातें करते हैं। सेना के एक अफसर भी ऐसा ही कर रहे हैं। एक कानून होना चाहिए। जब आपने गोपनीयता की शपथ ली है तो आप ऐसा कैसे बोल सकते हैं। अगर उनकी बात सच है तो जांच होनी चाहिए। राजीव शुक्ला ने कहा कि यू एस मिश्रा वाजपेयी सरकार में सीबीआई चीफ थे। इतने साल बाद इस तरह की बात कहने का कोई मतलब नहीं है। मुझे नहीं लगता कि इसे कोई महत्व दिया जाना चाहिए।
पूर्व सीबीआई चीफ जोगिंदर सिंह ने भी कहा कि ये बात सही है। उन्होंने अपने अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि सीबीआई हमेशा दवाब में काम करती है। टीम अन्ना की सदस्य किरण बेदी ने कहा कि पूर्व चीफ भी कह चुके हैं कि सीबीआई पर राजनीतिक दवाब होता है। सीबीआई स्वायत्त होनी चाहिए ताकि जांच बिना दवाब के हो सके।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें